भोपाल, 9 जुलाई (आईएएनएस)। सर्वोच्च न्यायालय द्वारा मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले में नोटिस जारी किए जाने के बाद राज्यपाल राम नरेश यादव का गुरुवार का दिन समाचार चैनलों को देखने और शाम को रोजा इफ्तार के आयोजन में गुजरीं। रमजान के मुबारक मौके पर राजभवन में ही रोजा इफ्तार का आयोजन किया। राज्यपाल यादव ने इस मौके पर मुस्लिम भाइयों को रमजान की मुबारकबाद दी।
गुरुवार को सर्वोच्च न्यायालय में दायर याचिकाओं पर सुनवाई हुई जो राज्यपाल यादव को पद से हटाने और व्यापमं मामले में उनकी संलिप्तता से संबंधित भी थी। इस मामले पर न्यायालय द्वारा नोटिस जारी किए जाने का फैसला आया। राजभवन सूत्रों का कहना है कि दोपहर बाद से राज्यपाल यादव लगभग पूरे समय समाचार चैनल देखते रहे और अपने करीबियों से विचार विमर्श भी किया। इसके चलते राजभवन में काफी हलचल रही।
वहीं शाम को राजभवन में राज्यपाल की ओर से रोजा इफ्तार का आयोजन किया गया। रोजा इफ्तार में गृह मंत्री बाबूलाल गौर, वक्फ बोर्ड कमेटी के चेयरमैन शौकत मोम्मद खान, नायब शहर काजी बाबर हुसैन नदवी, पुलिस महानिदेशक सुरेन्द्र सिंह, शायर मंजर भोपाली, विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुलपति, विभिन्न धर्म के धर्मगुरु, प्रशासन एवं पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी, राजनैतिक दलों के पदाधिकारी, पत्रकार, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में रोजेदार शामिल हुए।
आयोजन में राज्यपाल के प्रमुख सचिव अजय तिर्की और राजभवन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। नायब शहर काजी बाबर हुसैन नदवी साहब ने नमाज अता करवाई।
dharmpath.com dharmpath