दिल्ली, एनसीआर में भारी बारिश से सड़कें जाम (लीड-1)

नई दिल्ली, 11 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली और इससे सटे उत्तर प्रदेश के नोएडा में शनिवार को अल सुबह से बारिश जारी है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और लोगों को गर्मी से निजात मिली है।

लेकिन दूसरी ओर बारिश के कारण जगह-जगह पानी जमा हो गया है, जिससे आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। सबसे अधिक असर सड़क यातायात पर हुआ है। लोग घंटों जाम में फंसे रहे और देरी से अपने गंतव्य पर पहुंचे।

दिल्ली यातायात पुलिस ने बताया कि महिपालपुर, आईटीओ चौराहा, श्री अरबिन्दो मार्ग, कालिंदी कुंज, न्यू फ्रेंड्स कॉलोनी तथा गुड़गांव के पास सोहना रोड सहित कई स्थानों पर लंबा जाम लगा रहा।

पुलिस के मुताबिक, लाजपत नगर, डिफेंस कॉलोनी, पंजाबी बाग और सीलमपुर के कई हिस्सों में पानी भर गया है।

भारी बारिश और जगह-जगह जलभराव के कारण लोगों को भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा है। बैंककर्मी रमन बत्रा ने आईएएनएस को बताया, “मैं डिफेंस कॉलोनी फ्लाईओवर से लाजपत नगर की ओर जाने वाले रास्ते में एक घंटे से अधिक समय तक जाम में फंसा रहा।”

भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार, दिल्ली में सुबह 8.30 बजे तक 93.8 मिलीमीटर बारिश हुई।

बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। यहां न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

राजधानी में अपराह्न् दो बजे आद्र्रता 89 फीसदी दर्ज की गई।

यहां शुक्रवार को अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था, जबकि न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493