मौसम गर्म न होने की वजह से भी प्राणि उद्यान में काफी भीड़ रही। यहां लोगों ने बच्चों के साथ खूब मस्ती की। शनिवार को ईद की छुट्टी थी। इसका फायदा चिड़ियाघर को भी मिला।
यहां के निदेशक अनुपम गुप्ता और पीयूष मोहन श्रीवास्तव ने पूरे दिन प्राणि उद्यान में घूम-घूम कर निरीक्षण किया। निदेशक ने कहा कि चिड़ियाघर की व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त रखी गई थी। कर्मचारियों को कड़े निर्देश दिए गए थे कि दर्शकों को किसी भी प्रकार की कोई भी कठिनाई न हो। पिछली बार के मुकाबले इस बार नए वन्यजीव दर्शकों को देखने को मिले। इनमें बब्बर शेर का जोड़ा और भिलाई प्राणि उद्यान से लाई गई सफेद बाघिन मुख्य है। वहीं, मछली घर में जीर्णोद्धार के बाद का नया स्वरूप भी दर्शकों को पसंद आया।
चिड़ियाघर के बारादरी के हरे-भरे लॉन में दिनभर दर्शक आते रहे। दर्शकों की सुविधा के लिए नरही मुख्य द्वार पर टिकट काउंटर तीन से बढ़ाकर छह करने पड़े। इनमें से 2 काउंटर सिर्फ महिलाओं के लिए थे। डालीबाग गेट पर एक की जगह दो टिकट काउंटर कर दिए गए थे, ताकि लोगों को इंतजार न करना पड़े। जानवरों और दर्शकों की सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए। इसके लिए महिला और पुरुष पुलिसवालों के अलावा पीएसी के जवान लगाए गए थे।
dharmpath.com dharmpath