हवाना/वाशिंगटन, 20 जुलाई (आईएएनएस)। अमेरिका और क्यूबा के बीच करीब छह दशक बाद कूटनीतिक संबंधों को फिर से बहाल करने पर बनी सहमति के बाद अमेरिका में क्यूबा का दूतावास सोमवार को खुलने जा रहा है।
क्यूबा सरकार सरकार इसकी तैयारी में जुटी है और वह देश के उसी पुराने झंडे को अमेरिका स्थित अपने दूतावास में लगाएगी, जिसे 1961 में नीचे उतार दिया गया था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रपट के मुताबिक, क्यूबा के ध्वज को उद्घाटन समारोह के दौरान सांकेतिक रूप से लहराया जाएगा। तीन जनवरी, 1961 में अमेरिका और क्यूबा के राजनयिक संबंध समाप्त होने के बाद इस ध्वज को अमेरिका में उतार दिया गया था।
इसके बाद इस ध्वज को वापस क्यूबा लाया गया, जहां इतिहासकार इयूसेबियो लील स्पेंगलर ने इसे संभाल कर रखा। सोमवार को दूतावास के उद्घाटन कार्यक्रम में आमंत्रित क्यूबा के 30 नागरिकों में यह विद्वान भी सामिल हैं।
हाल ही में दोनों देशों के बीच राजनयिक संबंधों की पुनर्बहाली के लिए दोनों पक्षों के बीच एक समझौता हुआ था, जिसके तहत ये देश एक-दूसरे के यहां अपने दूतावास फिर से खोलने पर सहमत हुए।
क्यूबा के राष्ट्रपति राउल कास्त्रो ने बुधवार को सांसदों को संबोधिात करते हुए कहा कि यह समझौता दोनों देशों के बीच संबंधों के सामान्यीकरण की दिशा में किया गया है। इस दौरान दोनों पक्षों को राजनीतिक उदारता का इस्तेमाल करना है, ताकि पिछले 50 से अधिक सालों से उपजी समस्याओं का समाधान निकल सके।
गौरतलब है कि 1961 तक अमेरिका-क्यूबा के संबंध अनुकूल बने रहे लेकिन जनवरी 1961 में फिदेल कास्त्रो द्वारा बटिस्टा शासन को गिराकर सत्ता में आने के बाद अमेरिका ने क्यूबा के साथ संबंध तोड़ दिए।
अमेरिका राष्ट्रपति बराक ओबामा और राउल कास्त्रो ने 17 दिसंबर, 2014 घोषणा की कि वे कूटनीतिक संबंधों की बहाली की दिशा में काम करेंगे।
dharmpath.com dharmpath