नई दिल्ली, 21 जुलाई (आईएएनएस)। कांग्रेस ने मंगलवार को संसद के मानसून सत्र के प्रथम दिन राज्यसभा में ललित मोदी से संबंधित मुद्दा उठाया, और दिन का कामकाज स्थगित कर इस मुद्दे पर चर्चा कराने की मांग की।
कांग्रेस नेता आनंद शर्मा ने कहा, “सरकार सदन के प्रति जवाबदेह है।”
उन्होंने कहा, “सरकार ने कामकाज में पारदर्शिता का वादा किया है। यह वादा तोड़ा गया है। उनके (ललित मोदी) खिलाफ प्रवर्तन निदेशालय द्वारा 14 प्राथमिकियां दर्ज की गई हैं। सरकारें बदलती हैं, कानून नहीं बदलते।”
शर्मा ने आरोप लगाया कि ललित मोदी को पत्नी से मिलने के लिए जो यात्रा दस्तावेज जारी किए गए, उसका इस्तेमाल उन्होंने पर्यटन के लिए किया। जबकि उन्होंने कहा था कि उनकी पत्नी का कैंसर का इलाज चल रहा था।
शर्मा के इन आरोपों के जवाब में केंद्रीय वित्त मंत्री अरुण जेटली ने विपक्ष से बहस शुरू करने के लिए कहा।
जेटली ने कहा, “चर्चा शुरू कीजिए, (विदेश मंत्री) सुषमा स्वराज (जिन्होंने यात्रा दस्तावेज जारी होने में मदद की थी) जवाब देंगी।”
लेकिन विपक्षी सदस्यों ने शोरशराबा शुरू कर दिया और सदन की कार्यवाही दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी गई।
राज्यसभा की बैठक दोपहर में फिर शुरू हुई तो उसी तरह की स्थिति बनी रही, जिसके कारण कार्यवाही अपराह्न् 12.30 बजे तक के लिए और फिर अपराह्न् दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी गई।
dharmpath.com dharmpath