बगदाद, 22 जुलाई (आईएएनएस)। इराक की राजधानी बगदाद में दो अलग-अलग कार बम हमलों में 20 लोगों की जान चली गई और 52 अन्य लोग घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, दक्षिण बगदाद में मंगलवार को दो कार बमों में विस्फोट कर हमले को अंजाम दिया गया।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, इराक पुलिस के एक सूत्र ने बताया, “दक्षिण बगदाद के न्यू बगदाद इलाके में खड़े कार बम में विस्फोट हो गया, जिसमें 18 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। हमले में 43 लोग घायल भी हुए और आसपास की इमारतों तथा दुकानों को क्षति पहुंची है।”
सूत्र ने बताया कि दूसरा कार बम विस्फोट दक्षिण बगदाद में ही जाफरनिया इलाके में एक गैस स्टेशन के पास हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत हो गई और नौ लोग घायल हुए।
इराक में वर्ष 2014 में इराकी सुरक्षा बलों और इस्लामिक स्टेट (आईएस) के आतंकवादियों के बीच जंग छिड़ने के बाद से यहां सुरक्षा के हालात काफी बदतर हो चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath