ललित मोदी प्रकरण पर लोकसभा में हंगामा

नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। लोकसभा में बुधवार को कांग्रेस तथा अन्य विपक्षी दलों ने इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व प्रमुख ललित मोदी के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के संबंध को लेकर हंगामा किया, जिसके कारण सदन की कार्यवाही बाधित हुई।

सदन की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी दलों ने ललित मोदी प्रकरण तथा मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्ष मंडल (व्यापमं) घोटाले को लेकर राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और वीरप्पा मोइली ने ललित प्रकरण पर स्थगन प्रस्ताव पेश किया।

सदन में भारी हंगामे के बीच कार्यवाही दोपहर तक के लिए स्थगित कर दी गई।

वहीं, विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने सदन की कार्यवाही शुरू होने से कुछ घंटे पहले ट्वीट कर आरोप लगाए थे कि कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने एक घोटाले में आरोपी पार्टी के अन्य नेता को कूटनीतिक पासपोर्ट दिलवाने के लिए उन पर जोर डाला था।

सुषमा ने एक अन्य ट्वीट में लिखा था, “कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता कोयला घोटाले के आरोपी संतोष बगरोडिया को कूटनीतिक पासपोर्ट दिलाने का मुझ पर दबाव बना रहे थे।”

उन्होंने लिखा, “मैं सदन में उस वरिष्ठ नेता के नाम का खुलासा करूंगी।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493