नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी ने बुधवार को मिस्र की सरकार तथा देशवासियों को राष्ट्रीय दिवस की शुभकामनाएं दी। मिस्र में 23 जुलाई को राष्ट्रीय दिवस मनाया जाएगा।
राष्ट्रपति ने भरोसा जताया कि दोनों देश संबंधों को मजबूती देने तथा विविधता लाने का प्रयास जारी रखेंगे।
मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सिसी को भेजे संदेश में प्रणब ने कहा, “भारत सरकार, यहां जनता और मुझे अपनी तरफ से राष्ट्रीय दिवस के मौके पर मिस्र की जनता और आपको बधाई तथा शुभकामनाएं देने में हर्ष का अनुभव हो रहा है।”
उन्होंने कहा कि भारत और मिस्र के बीच पारंपरिक रूप से मधुर और दोस्ताना संबंध हैं।
प्रणब ने कहा, “मैं इस अवसर पर बताना चाहता हूं कि मिस्र के साथ संबंधों को भारत कितनी अहमियत देता है। मुझे यकीन है कि आपके योग्य नेतृत्व में मिस्र निरंतर राजनीतिक स्थिरता और आर्थिक पुनरुत्थान के पथ पर अग्रसर होता रहेगा और मिस्र तथा भारत के बीच दोस्ती व सहयोग का रिश्ता आने वाले वर्षो में भी निरंतर मजबूत एवं व्यापक होता रहेगा।”
उन्होंने कहा, “मैं इस अवसर पर आपकी (मिस्र के राष्ट्रपति) अच्छी सेहत और मिस्र की मैत्रीपूर्ण जनता की खुशहाली तथा निरंतर प्रगति के लिए शुभकामनाएं देता हूं।”
मिस्र 1952 की क्रांति की याद में 23 जुलाई को राष्ट्रीय दिवस मनाता है।
dharmpath.com dharmpath