पटना, 23 जुलाई (आईएएनएस)। पूर्व सांसद साबिर अली गुरुवार को एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गए। बिहार भाजपा के प्रभारी भूपेन्द्र यादव ने यहां पार्टी कार्यालय में उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई।
भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद साबिर ने कहा कि कुछ दल भाजपा का नाम ले मुसलमानों को डरा रहे हैं, ऐसे सभी लोगों की वे पोल खोलेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की ओर बढ़ चला है। पार्टी उन्हें जो जिम्मेदारी देगी, उसे वह ईमानदारी से निभाएंगे।
उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष लोकसभा चुनाव के दौरान जब साबिर ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की थी, तब पार्टी के नेता मुख्तार अब्बास नकवी ने इसका विरोध करते हुए साबिर को आतंकवादी यासीन भटकल का दोस्त बताया था। इसके बाद साबिर ने भाजपा से इस्तीफा दे दिया था।
साबिर अली जनता दल (युनाइटेड) के राज्यसभा सांसद थे। वे दिल्ली जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष भी रह चुके हैं। साबिर की पहचान बिहार में पिछड़े मुस्लिम नेता के रूप में है।
dharmpath.com dharmpath