व्यापमं घोटाला : प्रदर्शनकारी कांग्रेसियों पर लाठीचार्ज, कई घायल

pccभोपाल, 23 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के इस्तीफे की मांग को लेकर मुख्यमंत्री आवास का घेराव कराने जा रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर गुरुवार को पुलिस ने लाठीचार्ज किया और आंसूगैस के गोले भी छोड़े। इस लाठीचार्ज में कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें भी आई हैं।

राज्य की विधानसभा में कांग्रेस ने व्यापमं मामले में मुख्यमंत्री का इस्तीफा मांगते हुए जमकर हंगामा किया, इसके चलते विधानसभा की कार्यवाही को सिर्फ तीन दिन तक चलाने के बाद अनिश्चितकाल के लिए बुधवार को स्थगित कर दिया गया था। विधानसभा की कार्यवाही स्थगित करने के बाद ही कांग्रेस ने मुख्यमंत्री के आवास के घेराव का एलान किया था, उसी के क्रम में गुरुवार को कांग्रेस कार्यकर्ता राजधानी की सड़कों पर उतरे।

कांग्रेस कार्यकर्ता गुरुवार को रोशनपुरा चौराहे पर जमा हुए और वहां से मुख्यमंत्री के आवास की ओर बढ़े। पुलिस ने पहले से ही मुख्यमंत्री आवास की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरीकेट्स लगाकर रास्ते को रोक दिया था। उसके बावजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बारिश के बीच मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने की कोशिश की। इस पर पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर जमकर लाठीचार्ज किया। इस दौरान पुलिस ने आंसू गैस के गोले भी छोड़े।

प्रदर्शनकारी कांग्रेस कार्यकर्ता युवक कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा बरार सहित कई अन्य नेताओं की अगुवाई में मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़े तो उनकी पुलिस जवानों से जमकर झूमाझपटी हुई। उसके बाद पुलिस बल ने लाठियां भांजी और कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने से रोका। इस लाठीचार्ज में कई कांग्रेस कार्यकर्ता घायल हो गए।

युवक कांग्रेस के अध्यक्ष राजा बरार ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान कहा कि उनका आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक कि मुख्यमंत्री चौहान का इस्तीफा नहीं होता है। विधायक अजय सिंह ने पुलिस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा है कि व्यापमं घोटाले का आंदोलन गांव-गांव तक होगा और मुख्यमंत्री को कुर्सी छोड़नी पड़ेगी। उनका आरोप है कि पुलिस की बर्बरतापूर्ण कार्रवाई से कई कांग्रेस कार्यकर्ताओं को चोटें आई हैं। यह सब सरकार के इशारे पर हुआ है।

पुलिस ने बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया। पुलिस अधीक्षक अंशुमान सिंह ने 50 लोगों को हिरासत में लेने की बात कही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493