राजौरी में कर्फ्यू में 2 घंटे की ढील

जम्मू, 24 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के राजौरी जिले में पिछले दिनों एक समूह द्वारा अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट (आईएस) का झंडा जला दिए जाने के बाद क्षेत्र में फैली अशांति के मद्देनजर लगाया गया कर्फ्यू शुक्रवार को चौथे दिन भी जारी है।

हालांकि हालात में सुधार को देखते हुए इसमें सुबह नौ बजे से 11 बजे तक दो घंटे की ढील दी गई है।

राजौरी में कर्फ्यू मंगलवार को लगाया गया था। हालात में सुधार को देखते हुए बुधवार शाम को भी कर्फ्यू में दो घंटे की ढील दी गई थी।

एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस से कहा, “कर्फ्यू में सुबह नौ बजे से 11 बजे तक की ढील दी गई है। इस अवधि के विस्तार पर फैसला कानून एवं व्यवस्था में सुधार को देखते हुए लिया जाएगा।”

गौरतलब है कि राजौरी में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के सदस्यों ने ईद के दिन 18 जुलाई को अंतर्राष्ट्रीय आतंकवादी संगठन इस्लामिक स्टेट ऑफ इराक एंड सीरिया (आईएसआईएस) का झंडा जला दिया था, जिसके बाद यहां दो समुदायों में झड़प हुई थी।

मुसलमानों का कहना है कि इस पर पवित्र आयतें लिखी थीं। हालांकि राज्य के उप मुख्यमंत्री निर्मल सिंह ने कहा कि एक आतंकवादी संगठन का झंडा जलाए जाने में कुछ भी गलत नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जिन लोगों ने झंडे जलाए, उन्हें मालूम नहीं था कि उस पर पवित्र आयतें लिखी हैं।

इस घटना के बाद दो समुदायों के बीच सोमवार को हिंसक झड़प हुई थी, जिसे देखते हुए प्रशासन ने मंगलवार को अनिश्चितकालीन कर्फ्यू लगा दिया था।

राजौरी कस्बे में तनाव को दूर करने के लिए गुरुवार को क्षेत्र में दोनों समुदायों के वरिष्ठ नागरिकों ने राज्य के मंत्री जुल्फिकार चौधरी की उपस्थिति में बैठक भी की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493