लोकसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित

नई दिल्ली, 24 जुलाई (आईएएनएस)। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पूर्व प्रमुख ललित मोदी के साथ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं के संबंधों और मध्य प्रदेश व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापमं) घोटाले को लेकर विपक्षी दलों के हंगामे के कारण शुक्रवार को भी लोकसभा की कार्यवाही नहीं चल सकी।

हंगामे को देखते हुए सदन की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने इसकी कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी। अब लोकसभा की कार्यवाही सोमवार को शुरू होगी।

लोकसभा की कार्यवाही शुक्रवार को जैसे ही शुरू हुई, सदन की अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने कहा कि विपक्षी दलों ने ललित प्रकरण और व्यापमं घोटाले को लेकर स्थगन प्रस्ताव दिया है।

उन्होंने हालांकि इस प्रस्ताव को खारिज कर दिया और सदन की कार्यवाही सुचारु रूप से चलाने की कोशिश की। इस पर कांग्रेस के नेतृत्व में विपक्षी दलों के सदस्य अध्यक्ष की आसंदी के पास पहुंच गए और नारेबाजी शुरू कर दी।

इसके बाद सुमित्रा महाजन ने सदन की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी।

कांग्रेस नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और वीरप्पा मोइली ने ललित प्रकरण पर स्थगन प्रस्ताव दिया था, जबकि व्यापमं पर आम आदमी पार्टी (आप) के नेता भगवंत मान ने स्थगन प्रस्ताव दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493