मप्र में बारिश से जनजीवन प्रभावित

भोपाल, 24 जुलाई (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ है। बारिश से कुछ स्थानों पर मकान ढह गए हैं तथा नदी, नालों के उफान पर होने और सड़कों पर पानी भर जाने से यातायात प्रभावित हुआ है।

राजधानी भोपाल सहित अन्य हिस्सों में गुरुवार दोपहर से कभी तेज तो कभी रुक-रुककर बारिश हो रही है। विदिशा में बारिश से बेतवा नदी उफान पर है, इससे विदिशा-अशोकनगर के बीच सड़क संपर्क ठप पड़ गया है। भोपाल-बैतूल के बीच पड़ने वाली सूखी नदी का जलस्तर बढ़ने से भी आवागमन रुक गया है। राजगढ़ में भी बारिश ने जनजीवन व आवागमन ठप कर दिया है।

बारिश का असर आगर-मालवा और शाजापुर में भी नजर आ रहा है। आगर-मालवा में घुराश्या गांव में छह मकान ढह गए हैं, वहीं 10 मवेशियों के बाढ़ के पानी में बह जाने की खबर है। यहां के तुलजा सरोवर तालाब का एक हिस्सा टूट गया है, जिससे कई हिस्सों में पानी भर गया है।

उज्जैन क्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक वी. मधुकुमार ने आईएएनएस को बताया कि आगर-मालवा के ग्रामीण इलाकों में कुछ मकान गिरने की सूचना है। मौके पर पुलिस अधीक्षक सहित अन्य अधिकारियों को भेजा गया है। राहत और बचाव कार्य जारी हैं।

वहीं, शाजापुर में चीलर नदी उफान पर है। इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। बारिश से इंदौर और उज्जैन में भी जनजीवन प्रभावित है।

बारिश का असर राजधानी भोपाल में भी बना हुआ है। कई बस्तियों में गुरुवार रात पानी भर गया था, जो शुक्रवार सुबह तक नहीं निकल पाया। अशोका गार्डन, त्रिलंगा क्षेत्र, रचना नगर में रातभर लोग घरों से पानी निकालने में लगे रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493