नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को कहा कि सरकार जल्द ही राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा नीति लागू करेगी और सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए नकदी रहित इलाज की सुविधा मुहैया कराएगी।
मोदी ने अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ में कहा, “हमारे देश में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े चौंकाने वाले हैं। यहां हर मिनट दुर्घटना होती है और सड़क दुर्घटनाओं की वजह से हर चार मिनट में एक व्यक्ति की मौत हो जाती है।”
उन्होंने कहा कि इस संदर्भ में सरकार जल्द ही संसद में सड़क परिवहन और सुरक्षा विधेयक लाएगी। राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा नीति और सड़क सुरक्षा कार्य मसौदे को लागू करने की दिशा में काम करेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार दुर्घटना पीड़ितों का निशुल्क इलाज करना चाहती है।
मोदी ने कहा कि गुड़गांव, जयपुर, वड़ोदरा, मुंबई और रांची जैसे शहरों में किसी दुर्घटना के शुरुआती 50 घंटों में सड़क दुर्घटना पीड़ितों के लिए नकदी रहित इलाज की सुविधा शुरू की जाएगी।
उन्होंने कहा कि देशभर में दुर्घटनाओं के लिए सूचना प्रदान कराने के लिए टोल फ्री नंबर 1033 शुरू किया जाएगा।
मोदी ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 15 से 25 साल की उम्र के लगभग एक-तिहाई लोगों की मौत हो जाती हैं। उन्होंने कहा कि परिजनों को सड़क सुरक्षा के बारे में अपने बच्चों को जागरूक करने की जरूरत है।
dharmpath.com dharmpath