पुलिस के मुताबिक, नौबस्ता के हंसपुरम इलाके में 22 वर्षीय पूजा अपने पिता के साथ रहती थी। पूजा इलाके के एक स्कूल में अध्यापिका के पद पर कार्यरत थी। बताया जाता है कि इलाके के ही रहने वाले पुनीत से उसका प्रेम-प्रसंग चल रहा था। कुछ समय बाद जब पूजा ने पुनीत से शादी की बात कही तो वह पूजा को टरकाने लगा और उससे दूरियां बना लीं। पूजा को पुनीत की यह हरकत नागवार गुजरी और वह परेशान रहने लगी।
बताया जाता है कि शनिवार की शाम पूजा घर पर अकेली थी, तभी उसने खुद को आग लगा ली। आग लगाने से वह बुरी तरह झुलस गई, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मामले की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस को छानबीन में पूजा के द्वारा लिखा सुसाइड नोट मिला। नोट में पूजा ने प्रेमी की बेवफाई और साथ ही उसको फांसी पर चढ़ा देने की बात लिखी है। पुलिस ने छानबीन कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी पुनीत के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
dharmpath.com dharmpath