नई दिल्ली, 27 जुलाई (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने सोमवार को कहा कि पंजाब के गुरदासपुर जिले में हुआ आतंकवादी हमला जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में हुए हमलों जैसा ही भयानक है।
गुरदासपुर जिले के दीनानगर पुलिस स्टेशन पर आतंकवादी हमले के बाद उमर ने ट्विटर पर लिखा, “देखते हैं, आज सुबह (सोमवार) गुरदासपुर में हुए हमले में संलिप्त आतंकवादियों की पहचान को लेकर क्या सामने आता है?”
उन्होंने एक अन्य ट्वीट में लिखा, “हमले का वक्त, तरीका और जगह जम्मू के सीमावर्ती इलाकों में हुए हमलों की तरह ही भयानक हैं।”
उमर ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जम्मू एवं कश्मीर और पंजाब के मुख्यमंत्रियों से विचार-विमर्श करने का सुझाव दिया, ताकि आतंकवादरोधी प्रयासों में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सके।
उमर ने कहा, “मोदी का पंजाब और जम्मू एवं कश्मीर के मुख्यमंत्रियों के संपर्क में रहना बहुत जरूरी है। इससे आतंकवाद रोधी प्रयासों के बेहतर समन्वय में मदद मिलेगी।”
मोदी ने पंजाब में हुए आतंकवादी हमले को लेकर सुबह में रक्षा मंत्री मनोहर पार्रिकर और अन्य वरिष्ठ मंत्रियों से मुलाकात की। इस हमले में अब तक छह लोगों के मारे जाने की सूचना है। आतंकवादियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ अब तक जारी है।
dharmpath.com dharmpath