लंदन, 28 जुलाई (आईएएनएस)। ब्रिटेन की द मैनचेस्टर रॉयल इनफर्मरी ने बताया कि उनके दुर्घटना एवं आपातकाल विभाग (एएंडई) को मिडल ईस्ट रेस्पिरेटरी सिंड्रोम (मर्स) के दो संदिग्ध मामलों की जांच के मद्देनजर अस्थाई रूप से बंद किया गया था।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ के मुताबिक, अस्पताल के एक प्रवक्ता ने बताया कि दो मरीजों को अलग रखकर उनकी स्वास्थ्य जांच पूरा किए जाने के बाद सोमवार को अस्पताल का एएंडई विभाग फिर से खोल दिया गया है।
दो में से एक मरीज को नॉर्थ मैनचेस्टर जनरल भेज दिया गया है। मरीज के स्वास्थ्य जांच की रिपोर्ट अभी नहीं आई है।
प्रवक्ता ने कहा, “हम अपने मरीजों को और आम जनता को इस बात के लिए आश्वस्त करना चाहते हैं कि जनस्वास्थ्य को लेकर जोखिम वाली कोई बात नहीं है।”
मर्स सांस से संबंधित वायरल बीमारी है, जो कोरोनावायरस के कारण होती है। यह वायरस सबसे पहले 2012 में सऊदी अरब में पाया गया था। मर्स संक्रमण में मरीज को बुखार, खांसी और सांस लेने में परेशानी होती है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के मुताबिक, मर्स संक्रमित मरीजों में से लगभग 36 फीसदी की मौत हो चुकी है।
dharmpath.com dharmpath