लखनऊ /गोरखपुर, 28 जुलाई (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले में मंगलवार को सड़क किनारे दौड़ लगाते आठ युवकों को एक तेज रफ्तार ट्रक ने रौंद दिया। इनमें से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस ने बताया कि चौरी चौरा क्षेत्र में आठ युवक सेना में भर्ती की तैयारी के लिए सड़क के किनारे दौड़ लगा रहे थे। इस बीच गोरखपुर रोड पर पीछे से आ रही ट्रक ने इन सभी को जोरदार टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर से अजय राज तथा महावीर पासवान की मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि पवन, बिजेंद्र, गौरव यादव, विकास व राममिलन पाल गंभीर रूप से घायल हैं। इनका गोरखपुर जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। ट्रक चालक घटना के बाद फरार होने में सफल हो गया।
dharmpath.com dharmpath