भोपाल, 29 जुलाई (आईएएनएस)। प्रख्यात शास्त्रीय गायक कुमार गंधर्व की पत्नी वसुंधरा कोमकली का बुधवार को मध्य प्रदेश के देवास जिले में माता टेकरी स्थित उनके निवास पर निधन हो गया। वह 85 वर्ष की थीं। यह जानकारी उनके पारिवारिक सूत्र ने दी।
वसुंधरा के निधन पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दुख व्यक्त किया है।
उल्लेखनीय है कि वसुंधरा भी प्रख्यात शास्त्रीय गायक थीं। उन्हें पद्मश्री जैसे अलंकरण से सम्मानित किया गया था।
जमशेदपुर में जन्मी वसुंधरा को नाटक अकादमी के सम्मान सहित अनेक सम्मानों से नवाजा गया था। वह पंडित कुमार गंधर्व अकादमी देवास की न्यासी भी थीं।
कुमार गंधर्व और वसुंधरा की बेटी कलापिनी कोमकली भी शास्त्रीय गायक हैं।
सूत्र ने बताया कि वसुंधरा का अंतिम संस्कार गुरुवार को देवास में होगा।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शास्त्रीय संगीत के अप्रतिम गायक स्वर्गीय कुमार गन्धर्व की धर्मपत्नी वसुंधरा कोमकली के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
चौहान ने कहा कि पंडित कुमार गन्धर्व की संगीत यात्रा में सहभागी रहीं कोमकली स्वयं भी शास्त्रीय संगीत की अथक साधक थीं।
dharmpath.com dharmpath