पणजी, 30 जुलाई (आईएएनएस)। गोवा विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रतापसिंह राणे ने गुरुवार को कहा कि लुई बर्जर के पूर्व अधिकारियों को भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार किया जाना चाहिए। इन अधिकारियों ने कथित रूप से गोवा के राजनीतिज्ञों को रिश्वत दी थी।
उन्होंने लुई बर्जर के अधिकारियों पर पुलिस को गलत बयान देने का भी आरोप लगाया।
राणे ने कहा, “अगर कोई टॉम, डिक या हैरी ऐसे बयान दे, तो उन्हें गिरफ्तार किया जाए। रिश्वत देने वाला भी बराबर का जिम्मेदार है। वे झूठे बयान दे रहे हैं।”
लुई बर्जर के शीर्ष अधिकारियों ने भारत, वियतनाम, इंडोनेशिया और कुवैत से ठेके हासिल करने के लिए 39 लाख डॉलर रिश्वत देने का दोष स्वीकार कर लिया है।
अमेरिकी न्याय विभाग की तरफ से घोषित निपटारे में उन राजनीतिज्ञों और अधिकारियों के नाम शामिल नहीं हैं, जिन्हें रिश्वत दी गई थी। दस्तावेज में हालांकि, यह बताया गया है कि 9,76,630 डॉलर रिश्वत गोवा के एक मंत्री और अन्य अधिकारियों को दी गई थी।
गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत और पूर्व लोक निर्माण मंत्री चर्चिल अलेमाओ से इस संबंध में पूछताछ की गई है।
पुलिस का दावा है कि उन्होंने लुई बर्जर के पूर्व अधिकारियों का बयान दर्ज किया है, जिसमें उन्होंने कामत और अलेमाओ को रिश्वत देने की बात स्वीकार की है।
लुई बर्जर ने एक आधिकारिक बयान में माना है कि कंपनी के अधिकारियों ने रिश्वत दी थी और कंपनी से इसके लिए कोई मंजूरी नहीं थी।
राणे ने कहा, “हमें उचित जांच की जरूरत है। इस तरह की घटना दोबारा नहीं होनी चाहिए। मामले को केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) को सौंप दें।”
dharmpath.com dharmpath