बार्सिलोना, 30 जुलाई (आईएएनएस)। स्पेन के फुटबाल क्लब बार्सिलोना के लिए खेलने वाले स्टार अर्जेटीनी स्ट्राइकर लियोनेल मेसी ने अपनी छुट्टियां समय से पहले ही समाप्त करते हुए क्लब के सत्र पूर्व अभ्यास शिविर में वापसी कर ली।
वेबसाइट ‘गोल डॉट कॉम’ के अनुसार, अर्जेटीना के उनके साथी खिलाड़ी जेवियर मास्केरान्हो ने भी मेसी के साथ वापसी की।
कोपा अमेरिका कप में हिस्सा लेने के बाद छुट्टियों पर गए दोनों खिलाड़ियों के सोमवार से पहले क्लब से जुड़ने की संभावना नहीं थी, हालांकि तय समय से चार दिन पहले उन्होंने अपनी छुट्टियां खत्म कर लीं।
यहां तक कि ब्राजील के नेमार और डानी एल्व्स भी समय से पहले बार्सिलोना लौट आए हैं। दक्षिण अमेरिका के चारों खिलाड़ी गुरुवार को गोलकीपर मार्क-आंद्रे टर स्टेजेन के साथ चिकित्सीय परीक्षण करवाएंगे।
इसके साथ लुइस एनरिक के साथ बार्सिलोना की पूरी टीम जुड़ चुकी है, सिर्फ चिली के गोलकीपर क्लाउडियो ब्रावो का आना शेष है। ब्रावो सोमवार तक टीम से जुड़ सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath