चेन्नई, 30 जुलाई (आईएएनएस)। भारत-ए की पहली पारी 135 रनों पर समेटने के बाद आस्ट्रेलिया-ए ने एम. ए. चिदंबरम स्टेडियम में चल रहे दूसरे अनधिकारिक चार दिवसीय टेस्ट मैच के दूसरे दिन गुरुवार को नौ विकेट पर 329 रन बना लिए और पहली पारी के आधार पर 194 रनों की बड़ी बढ़त हासिल कर ली है।
आस्ट्रेलिया-ए के लिए कैमरून बैंक्रॉफ्ट (150) ने शानदार शतकीय पारी खेली, जबकि कैलम फर्गुसन ने 54 रनों की अहम योगदान दिया।
बैंक्रॉफ्ट ने पहले दिन कप्तान उस्मान ख्वाजा (33) के साथ 43 रनों की साझेदारी को सधे अंदाज में आगे बढ़ाना शुरू किया। दोनों बल्लेबाजों के बीच 111 रनों की साझेदारी को प्रज्ञान ओझा ने तोड़ा।
ओझा ने इसके बाद एक ही ओवर में जो बर्न्स (8) और पीटर हैंड्सकॉम्ब (0) के दो विकेट चटका दिए, जिससे भारत वापसी करने जैसी हालत में आ गया।
बैंक्रॉफ्ट ने हालांकि फर्गुसन के साथ चौथे विकेट के लिए 107 रनों की साझेदारी कर एक बार फिर आस्ट्रेलियाई टीम को स्थिरता प्रदान की।
श्रेयष गोपाल ने फर्गुसन को करुण नायर के हाथों कैच आउट करवा इस साझेदारी को तोड़ा। इसके बाद गेंदबाजी में प्रदर्शन की बारी बाबा अपराजित की थी, जिन्होंने बैंक्रॉफ्ट सहित लगातार पांच विकेट चटकाए।
बैंक्रॉफ्ट 282 रनों के कुल योग पर सातवें विकेट के तौर पर पवेलियन लौटे। उनका कैच विराट कोहली ने लिया। बैंक्रॉफ्ट ने 267 गेंदों का सामना कर 16 चौके और एक छक्का लगाया।
भारत के लिए वरुण एरॉन ने भी कसी हुई गेंदबाजी की और पांच मेडन डाले, हालांकि विकेट हासिल नहीं कर सके।
भारत पहली पारी में मात्र 135 रन बना सका है, जिसमें करुण नायर (50) सर्वोच्च स्कोरर रहे। कप्तान चेतेश्वर पुजारा (11) और विराट कोहली (16) भी खास योगदान नहीं दे सके।
dharmpath.com dharmpath