नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह ने शनिवार को त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत रॉय पर सांप्रदायिक नफरत फैलाने का आरोप लगाते हुए राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी से उन्हें पद से हटाने की अपील की।
कांग्रेस नेता ने ट्वीट किया, “मैं त्रिपुरा के राज्यपाल तथागत रॉय के बयान की निंदा करता हूं, जिसमें उन्होंने याकूब मेमन की शवयात्रा में शामिल होने वालों के आतंकवादी होने की आशंका जताई।”
उन्होंने कहा, “मैं माननीय राष्ट्रपति से उन्हें निष्कासित करने की अपील करता हूं। सांप्रदायिक नफरत फैलाने के लिए उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई जानी चाहिए।”
1993 मुंबई बम विस्फोट के दोषी याकूब मेमन को फांसी दिए जाने के बाद रॉय ने गुरुवार को ट्वीट किया था, “खुफिया अधिकारियों को याकूब मेमन की अंत्येष्टि के दौरान मौजूद रहने वाले लोगों पर नजर रखनी चाहिए। इनमें कई ऐसे लोग शामिल हो सकते हैं, जिनके आतंकवादी होने की आशंका है।”
dharmpath.com dharmpath