डेविस कप में चेक के खिलाफ चमत्कार की जरूरत : भूपति

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। टेनिस दिग्गज महेश भूपति ने शनिवार को कहा कि डेविस कप वर्ल्ड ग्रुप प्लेऑफ में चेक गणराज्य के खिलाफ भारत को जीत हासिल करने के लिए किसी चमत्कार की जरूरत पड़ेगी।

भारत 18 से 20 सितंबर के बीच चेक गणराज्य की मेजबानी करेगा।

भारतीय टीम यदि चेक गणराज्य पर जीत हासिल कर लेती है तो वह वर्ल्ड ग्रुप में प्रवेश कर जाएगी।

12 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुके भूपति ने कहा, “दुर्भाग्य से कल (शुक्रवार) मुझे टॉमस बर्डिख का संदेश मिला, जिसमें उन्होंने चेक टीम के रुकने के लिए होटल के बारे में पूछा। मतलब वे यहां एक मजबूत टीम भेजने वाले हैं। यह एक चुनौतीपूर्ण मैच होने वाला है।”

भूपति ने कहा, “वर्ल्ड ग्रुप प्ले ऑफ के मैच हमेशा कठिन होते हैं और चेक गणराज्य पिछले तीन वर्षो में दो बार विजेता रहा है। लेकिन डेविस कप में कभी भी ‘ना’ मत कहिए। मुझे पूरा विश्वास है कि हम कड़ी टक्कर देने वाले हैं। हमें टॉमस बर्डिख और राडेक स्टेपानेक के खिलाफ खेलना है, ऐसे में भारतीय टीम को थोड़े चमत्कार की जरूरत होगी।”

प्ले ऑफ में चेक गणराज्य सर्वोच्च वरीय है। चेक गणराज्य तीन बार डेविस कप विजेता रहा है। दूसरी ओर भारत तीन बार (1966, 1974, 1987) फाइनल तक पहुंचने में सफल रहा है। भारत के खिलाफ डेविस कप में चेक गणराज्य अब तक हुए तीन मुकाबलों में कभी भी नहीं हारा है, हालांकि 1997 में हुआ पिछला मुकाबला टाई रहा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493