डीसीडब्ल्यू ने महिला अपराधों पर दिल्ली पुलिस को पत्र लिखा (लीड-1)

नई दिल्ली, 1 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली महिला आयोग ने दिल्ली के पुलिस आयुक्त बी. एस. बस्सी को शनिवार को पत्र लिखा और महिलाओं के खिलाफ अपराध की शिकायतों की संख्या पर जानकारी मांगी है।

आयोग की नई अध्यक्ष स्वाति मालीवाल ने बस्सी को भेजे पत्र में महिलाओं के खिलाफ दुष्कर्म और छेड़छाड़ सहित तमाम मामलों में दर्ज शिकायतों का ब्योरा मांगा है। पत्र में खासकर आनंद पर्वत इलाके में महिलाओं के खिलाफ अपराध का ब्योरा मांगा गया है।

आनंद पर्वत में एक युवक ने पिछले दिनों 19 साल की मीनाक्षी नामक लड़की की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी।

मालीवाल ने अपने पत्र में लिखा है कि यह दिल्ली महिला आयोग का अधिकार है कि वह महिलाओं के हितों और सुरक्षा के मुद्दे पर अपनी नजर बना कर रखे।

उल्लेखनीय है कि मीनाक्षी की हत्या और राजधानी में महिलाओं के खिलाफ लगातार बढ़ रहे अपराधों की वजह से आयोग महिला सुरक्षा के मुद्दे का अध्ययन करना चाह रहा है। इसके बाद आयोग केंद्र सरकार, दिल्ली सरकार और दिल्ली पुलिस को अपने सुझाव दे सकेगा।

पत्र में यह भी बताने को कहा गया है कि किन मामलों में प्राथमिकी दर्ज की गई है और कितने मामलों में पीड़ित को पुलिस सुरक्षा प्रदान की गई है। खासकर आनंद पर्वत इलाके में कितनों को पुलिस सुरक्षा दी गई है।

पत्र में उन जगहों का विवरण भी मांगा गया है जो महिलाओं के लिए असुरक्षित माने जा रहे हैं। साथ ही उन थानों की सूची भी मांगी गई है जहां 2014-15 में महिलाओं के खिलाफ अपराध के सबसे ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं।

मालीवाल ने साथ ही दिल्ली में पुलिसकर्मियों की संख्या और इसमें महिलाओं के अनुपात की भी जानकारी मांगी है।

दिल्ली महिला आयोग के एक अधिकारी ने आईएएनएस से कहा कि अपराध का यह ब्योरा राजधानी में कानून-व्यवस्था की बिगड़ती स्थिति के मद्देनजर मांगा गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493