विपक्ष के बहिष्कार से देश का नुकसान : सरकार

नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। केंद्रीय मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने बुधवार को कहा कि विपक्ष द्वारा लोकसभा का बहिष्कार किए जाने से देश का नुकसान हो रहा है। उन्होंने सभी विपक्षी सदस्यों से सदन में लौट आने का अनुरोध किया।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री नायडू ने संसद के बाहर संवाददाताओं से कहा, “सरकार किसी भी मसले पर चर्चा के लिए तैयार है और विपक्ष चाहता है, तो प्रधानमंत्री हस्तक्षेप के लिए तैयार हैं।”

लोकसभा में कांग्रेस के 25 सांसदों के निलंबन का कांग्रेस द्वारा विरोध किए जाने पर उन्होंने कहा, “कांग्रेस के पास ऐसा करने का अधिकार नहीं है। जो लोग लोकसभा का बहिष्कार कर रहे हैं, वे राष्ट्र को हानि पहुंचा रहे हैं।”

नायडू ने कहा कि 1989 में कांग्रेस के शासन में 63 सांसदों को निलंबित किया गया था और पूर्ववर्ती संप्रग सरकार में कुछ सदस्यों को भी ऐसी ही कार्रवाई का सामना करने पड़ा था।

केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने कांग्रेस के विरोध पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की।

उन्होंने कहा, “कार्रवाई इसलिए की गई, क्योंकि कांग्रेस सदस्यों ने संसदीय लोकतंत्र का अपमान किया। कांग्रेस को अपने सदस्यों के रवैये को लेकर लोकसभा अध्यक्ष से माफी मांगनी चाहिए।”

कांग्रेस सदस्य और सांसद लोकसभा में अपने 25 सदस्यों के निलंबन को लेकर बुधवार को भी विरोध जारी रखे हुए हैं।

पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी तथा उपाध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह सहित पार्टी नेताओं ने संसद परिसर में महात्मा गांधी की प्रतिमा के नजदीक प्रदर्शन किया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493