ग्वालियर (मध्य प्रदेश), 7 अगस्त (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की धारदार हथियार से गला रेतकर हत्या कर दी गई है। वारदात गुरुवार देर रात हुई है। इस वारदात में किसी परिचित का हाथ होने की पुलिस को आशंका है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, ग्वालियर थाना क्षेत्र के चंदन नगर इलाके में कैलाश गुप्ता अपनी पत्नी, पुत्र और पुत्रवधू के साथ रहते हैं। कैलाश एक होटल में काम करते हैं।
पुलिस के अनुसार, कैलाश गुरुवार रात लगभग साढ़े 12 बजे घर पहुंचे तो सीढ़ियों से लेकर कमरों तक खून फैला हुआ देखा। वह ऊपर गए तो देखा कि पत्नी सरोज (50), पुत्रवधू रुचि (25) के खून से लथपथ शव पड़े थे, वहीं ऊपरी मंजिल के कमरे में बेटे पवन (28) का शव था।
पुलिस अधीक्षक हरि नारायण चारी मिश्रा ने संवाददाताओं को बताया कि एक ही परिवार के तीन सदस्यों की क्रूरतापूर्वक हत्या की गई है। ऐसा लगता है कि हत्या में परिचित शामिल हो सकते हैं।
पुलिस ने खोजी कुत्ते और फोरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से मामले की जांच शुरू कर दी है। अभी हत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
dharmpath.com dharmpath