उप्र सरकार की पहल : अयोध्या व काशी में गूजेंगे भजन

लखनऊ , 7 अगस्त (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के दो प्रमुख धार्मिक नगर अयोध्या और काशी में अब सुबह-शाम भजन गूजेंगे। राज्य सरकार इसके लिए दोनों नगरों के स्नान घाटों पर विश्वस्तरीय म्यूजिक सिस्टम लगवाने जा रही है। यह जानकारी मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शुक्रवार को दी।

मुख्यमंत्री ने अपने सरकारी आवास पर स्वास्थ्य विभाग के एक कार्यक्रम के दौरान किसी राजनीतिक दल का नाम लिए बगैर कहा कि कुछ लोग कांवड़ियों के लिए डीजे की मांग कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि डीजे तो डिस्को डांस के लिए होता है। फिर कांवड़ियों की इसकी क्या जरूरत है। भाजपा पर तंज कसते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि अगर ये लोग कांवड़ियों के लिए भजन की बात करते तो अच्छा होता।

गौरतलब है कि राज्य सरकार ने कांवड़ यात्रा के दौरान डीजे बजाने पर रोक लगा दी है। चारों तरफ इसका विरोध हो रहा है। इस मुद्दे पर मुरादाबाद में हिंदू संगठनों और पुलिस के बीच टकराव भी हो चुका है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने अयोध्या में परिक्रमा मार्ग पर छायादार वृक्ष भी लगवाया है। वृक्ष लगवाते समय वहां के साधु-संतों से राय भी ली गई थी। उनकी सलाह के अनुसार वहां पूजा वाले वृक्ष भी लगवाए गए हैं।

उन्होंने कहा कि प्रदेश की समाजवादी सरकार लोकहित को ध्यान में रखकर काम कर रही है।

इस मौके पर सूबे के स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन के निशाने पर आज मीडिया रही। अपने 35 मिनट के संबोधन में हसन लगभग 30 मिनट तक मीडिया को ही नसीहत देते रहे।

उन्होंने मीडिया पर यह आरोप भी मढ़ा कि भाजपा के झूठ में शामिल होकर उसने केंद्र में मोदी की सरकार बनवा दी। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उप्र की सपा सरकार के मुकाबले पूरे देश में कोई सरकार काम नहीं कर रही है, लेकिन मीडिया को यहां के अच्छे काम दिखाई नहीं दे रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493