बीजिंग, 8 अगस्त (आईएएनएस)। विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स में डोपिंग के हालिया व्यापक आरोपों के मामले में दुनिया भर के एथलीटों से किसी भी तरह की गोपनीयता का उल्लंघन होने पर वाडा को उसकी जानकारी देने के लिए कहा है।
जर्मनी के टेलीविजन चैनल ‘एआरडी’ ने एक अगस्त को प्रसारित अपने एक विशेष कार्यक्रम में विश्व एथलेटिक्स में डोपिंग के व्यापाक आरोप लगाए हैं।
इस कार्यक्रम में कहा गया है कि एआरडी और समाचार पत्र ‘द संडे टाइम्स’ के पास आईएएएफ के आंकड़े हैं, जिसमें 2001 से 2012 के बीच 5,000 खिलाड़ियों के 12,000 रक्त परीक्षण परिणाम दर्ज हैं।
वाडा ने शुक्रवार को कहा कि वे इस मामले में तत्काल अपनी ओर से जांच शुरू कर रहे हैं, क्योंकि उन्हें पता चला है कि मीडिया से कुछ लोगों ने खिलाड़ियों से संपर्क साधने की कोशिश की है और उन खिलाड़ियों से संबंधित प्राप्त सूचनाओं को सार्वजनिक करने की अनुमति मांगी है।
वाडा इस बात से चिंतित है कि लीक हुए आंकड़ों का गलत मतलब निकाला जा सकता है, साथ ही अपनी जानकारी सार्वजनिक करने के अनिच्छुक खिलाड़ियों को डोपिंग का संदिग्ध भी समझा जा सकता है।
वाडा के अध्यक्ष क्रेग रीडी ने एक वक्तव्य जारी कर कहा, “वाडा खिलाड़ियों की गोपनीयता सुरक्षित रखने को लेकर प्रतिबद्ध है। इसलिए हमने अपनी स्वतंत्र जांच अयोग से तत्काल इस मामले की जांच करने के लिए कहा है। हमें पूरा विश्वास है कि आईएएएफ भी उतना ही प्रतिबद्ध है और जांच आयोग से पूरा सहयोग करेगा।”
वक्तव्य में कहा गया है, “जिस तरीके से ये आंकड़े हासिल किए गए और मीडिया तक पहुंचाए गए और जिस तरह उनका विश्लेषण किया गया वाडा उसकी निंदा करता है।”
वाडा के महानिदेशक डेविड होवमैन ने कहा है कि डोपिंग के किसी भी संदिग्ध मामले की पुष्टि पूरी जांच-पड़ताल और सावधानी से की जाना चाहिए।
उन्होंने कहा, “इस डेटाबेस में मौजूद बहुत से आंकड़े एथलीट बायोलॉजिकल पासपोर्ट (एबीपी) को 2009 में अपनाए जाने से पहले के हैं। इसलिए इस तरह के आंकड़ों को डोपिंग सी संभावना से जोड़कर नहीं देखा जा सकता।”
dharmpath.com dharmpath