मोदी ने मुलायम के गतिरोध दूर करने के प्रयास को सराहा

नई दिल्ली, 11 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव की संसद में गतिरोध को समाप्त करने में सहयोग करने के लिए सराहना की।

मोदी ने यह सराहना एक दिन पहले मुलायम द्वारा संसद में गतिरोध समाप्त करने के लिए चर्चा कराए जाने की मांग और विपक्षी दलों को मनाने की कोशिश के बाद की।

केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूड़ी ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के संसदीय दल की बैठक के बाद प्रधानमंत्री के बयान से अवगत कराते हुए कहा, “प्रधानमंत्री ने मुलायम सिंह के प्रति आभार जताया है।”

सपा ने सोमवार को लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन को भरोसा दिलाया था कि पार्टी लोकसभा में कांग्रेस की अगुवाई वाले विरोध-प्रदर्शन में शामिल नहीं होगी।

सपा प्रमुख ने कहा था, “आपको सुनिश्चित करना होगा कि सदन का कामकाज चल पाए। यह गतिरोध इसलिए हो रहा है, क्योंकि आपने किसी से भी बात नहीं की है।”

रूड़ी ने कहा कि प्रधानमंत्री को महसूस हुआ है कि सदन की कार्यवाही को देश के विकास को ठप करने के लिए रोका जा रहा है।

रूडी ने कहा, “प्रधानमंत्री को लगता है कि कुछ ऐसे लोग हैं, जो विकास और तरक्की को रोकने के लिए सदन की कार्यवाही बाधित करते रहे।”

संसद का मानसून सत्र गुरुवार को संपन्न हो रहा है। इस बार इसकी कार्यवाही कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के हंगामे एवं विरोध के कारण बुरी तरह प्रभावित हुई।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493