अबूधाबी, 18 अगस्त (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में एक भारतवंशी कलाकार ने दो दिवसीय दौरे पर गए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की और उनकी एक पेंटिंग उन्हें भेंट की। मीडिया रपट से यह जानकारी मिली।
इससे पहले अबु धाबी में भारतीय दूतावास ने मोदी के जीवन पर मिशन में एक प्रदर्शनी लगाने के दुबई के चित्रकार अकबर साहेब के अनुरोध को अस्वीकार कर दिया था।
समाचार पत्र द नेशनल की सोमवार की एक रपट के मुताबिक, 17 अगस्त को यूएई में भारत के राजदूत टी.पी.सीतारमणका उन्हें टेलीफोन आया और उन्होंने उन्हें मोदी से मुलाकात करने के लिए एमिरेट्स पैलेस में बुलाया।
अखबार ने साहेब के हवाले से कहा, “दुबई तथा अबु धाबी के बीच भारी यातायात के मद्देनजर, मुझे नहीं लगा था कि इतने कम समय में मैं वहां पहुंचकर उनसे मिल पाऊंगा।”
साहेब ने मोदी से 17 अगस्त को अपराह्न 2.30 बजे के आसपास मुलाकात की।
साहेब ने कहा, “मैंने उन्हें गलियारे से बैठक कक्ष की ओर आते देखा।”
उन्होंने कहा, “जैसे ही मैंने उन्हें देखा, उन्होंने मेरा नाम पुकारा और हिंदी में कहा कि मुझे सब पता है आपके बारे में।”
साहेब ने कहा, “जब वह कमरे में घुसे, हमलोगों ने न केवल हाथ मिलाया बल्कि वह मुझसे बेहद गर्मजोशी से गले मिले, जैसे मैं उनका कोई पुराना मित्र हूं।”
साहेब ने उन्हें पेंटिंग सौंपी, जिसके लिए उन्होंने उन्हें धन्यवाद कहा।
मोदी ने बाद में ट्विटर पर कहा, “मैंने जब अकबर साहेब की पेंटिंग मदर ब्लेसिंग्स के बारे में जाना, जो मेरी मां को समर्पित है, तो मैं उनसे मिलना चाहता था। आज मैं ऐसा कर सका।”
मोदी ने कहा, “दिल को छू जाने वाले संकेतों के लिए मैं अकबर को धन्यवाद देता हूं। उनसे मिलकर अच्छा लगा।”
कोलकाता के निवासी साहेब दुबई में इलस्ट्रेटर के तौर पर काम करते हैं और मोदी की 14 पेंटिंग बना चुके हैं।
dharmpath.com dharmpath