जम्मू, 18 अगस्त (आईएएनएस)। पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार को जम्मू एवं कश्मीर में अंतर्राष्ट्रीय सीमा और नियंत्रण रेखा (एलओसी) से लगे भारतीय इलाकों में गोलीबारी कर एक बार फिर संघर्षविराम का उल्लंघन किया है।
पाकिस्तानी सेना ने पुंछ जिले में तीन भारतीय चौकियों को निशाना बनाया।
रक्षा विभाग के प्रवक्ता कर्नल मनीष मेहता ने आईएएएनएस को बताया, “पाकिस्तानी सेना ने मंगलवार दोपहर हमीरपुर सेक्टर की तीन चौकियों पर मोर्टार और मशीनगन से निशाना साधा।”
मेहता ने कहा, “पाकिस्तानी सेना ने अपराह्न् एक बजे गोलीबारी शुरू की। भारतीय सेना ने पाकिस्तानी कार्रवाई का माकूल जवाब दिया है।”
इससे पहले जम्मू जिले में अंतर्राष्ट्रीय सीमा से लगे भारतीय क्षेत्र में देर रात पाकिस्तान रेंजर्स की तरफ से की गई गोलीबारी में एक भारतीय नागरिक घायल हो गया।
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “आर.एस. पुरा सेक्टर में पिछली रात हुई गोलीबारी में सुभाष चंद्र (38) को पैर में गोली लगी। उसे जम्मू के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है।”
पाकिस्तान रेंजर्स ने अंतर्राष्ट्रीय सीमा के पास सुचेतगढ़ इलाके में सोमवार रात सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) की चौकियों को निशाना बनाया। उन्होंने छोटे और स्वचालित हथियारों का इस्तेमाल किया।
मेहता ने कहा, “बीएसएफ ने भी जवाबी गोलीबारी की। दोनों तरफ से मंगलवार तड़के 4.50 बजे तक गोलीबारी चली।”
उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सेना ने सोमवार आधी रात के बाद नियंत्रण रेखा पर पुंछ के बालाकोट सेक्टर में भी गोलीबारी की। गोलीबारी शाम सात बजे से आधी रात तक चलती रही।
मेहता ने बताया, “भारतीय जवानों ने इन सभी जगहों पर प्रभावी तरीके से गोलीबारी का जवाब दिया है।”
dharmpath.com dharmpath