फिर से नंबर-1 बनकर खुश हूं : सायना

नई दिल्ली, 20 अगस्त (आईएएनएस)। भारत की अग्रणी महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने विश्व वरीयता क्रम में शीर्ष पर पहुंचने को लेकर गुरुवार को प्रसन्नता जाहिर की है।

विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में मिली हार के बावजूद सायना ने गुरुवार को जारी बैडमिंटन विश्व रैंकिंग में एक फिर से नम्बर-1 की कुर्सी हासिल कर ली। 25 साल की सायना एक स्थान की छलांग के साथ शीर्ष पर पहुंचीं।

सायना ने ट्विटर पर शीर्ष पर पहुंचने की खुशी जाहिर की। सायना ने ट्विटर पर अपनी एक फोटो साझा की है जिसमें वह विश्व रजत पदक लिए अपने माता-पिता के साथ खड़ी हैं।

उन्होंने लिखा, “एक बार फिर विश्व की नंबर-1 खिलाड़ी बनकर खुश हूं। मैं अपने कोच विमल कुमार सर और मेरे माता-पिता को उनके समर्थन के लिए धन्यवाद करना चाहती हूं।”

सायना को रविवार को जकार्ता में हुए विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में स्पेन की केरोलिन मारिन के हाथों हार मिली थी। मारिन इस मुकाबले से पहले नम्बर-1 पर थीं।

अब मारिन दूसरे स्थान पर खिसक गई हैं। चीनी ताइपे की ताई जू यिंग ने मौजूदा विश्व चैम्पियन चीन की ली जुईरेई को पीछे छोड़ते हुए तीसरा स्थान हासिल कर लिया है।

सायना विश्व चैम्पियनशिप में रजत पदक जीतने वाली पहली भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं। मौजूदा खिलाड़ियों में पीवी सिधु को बार कांस्य पदक जीत चुकी हैं। इसके अलावा गुट्टा और पोनप्पा ने 2011 में कांस्य जीता था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493