प्रशांत देशों के नेता आमेर, जयपुर को देख चकित

जयपुर, 21 अगस्त (आईएएनएस)। आमेर के किले की स्थापत्य कला की बारीकी और खूबसूरती देखकर प्रशांत द्वीप के 14 देशों के नेता कुछ यूं कायल हुए कि उनके मुंह से बार-बार निकला ‘वाह आमेर, वाह जयपुर।’

प्रशांत द्वीप के देशों की शिखर बैठक में हिस्सा लेने आए 14 देशों के नेताओं ने शुक्रवार को गुलाबी नगरी की जमीं पर कदम रखते ही विश्व विरासत आमेर के किले का भ्रमण किया। जैसे ही अतिथि पावणे जलैब चौक पहुंचे, वहां शहनाई तथा नगाड़ों के साथ माल्र्यापण कर उनका स्वागत किया गया। इसके बाद सभी मेहमानों ने गणेश पोल पर समूह में फोटो खिंचवाई।

आमेर के किले में घूमते हुए जब फिजी के प्रधानमंत्री फ्रैंक बैनीमारामा सिंहपोल के पास सारंगी वादक के पास पहुंचे तो सारंगी सुनकर वह अभिभूत हो उठे। उन्होंने कहा कि यह लोकगीत बेहद कर्णप्रिय है।

शीश महल के बाहर तो मांगणियार गायकों का संगीत ‘केसरिया बालम’ सुनकर समोआ के प्रधानमंत्री तुईलेइपा मालिलेगाओई और कुक आइलैंड्स के स्वास्थ्य मंत्री नंदी ग्लासी नृत्य करने लगे।

सिंहपोल के बाद जैसे ही अतिथि शीशमहल गए, सभी उस जगह को एकटक निहारते रह गए। स्थापत्य कला का इतना शानदार नमूना देखकर पर्यटक बहुत खुश नजर आए। इस बेहद खूबसूरत जगह पर अनेक पर्यटकों ने सेल्फी भी ली।

विदेशी अतिथि जैसे ही मानसिंह महल के अन्दर पहुंचे तो उनका स्वागत करने के लिए तैयार थी कत्थक नृत्यांगनाएं, उनकी कदम ताल देखकर सभी पर्यटक आश्चर्यचकित रह गए तथा सभी ने कहा ‘इट्स वंडरफुल’। इसके अलावा पर्यटन विभाग के गाइड ने उन्हें दीवाने आम तथा सुख निवास भी दिखाया जिसे देखकर वे अभिभूत हो गए।

पर्यटन विभाग के गाइड जब नीयू के प्रधानमंत्री टोके तालांगी को आमेर की केसर क्यारी दिखा रहे थे तो उनके मुंह से अनायास ही निकला ‘इनक्रेडिबल इंडिया’।

आमेर भ्रमण के दौरान नेताओं के साथ बड़ी संख्या में देशी-विदेशी पत्रकारगण तथा इन देशों के अनेक अधिकारीगण भी साथ मौजूद थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493