बेंगलुरू/हैदराबाद, 24 अगस्त (आईएएनएस)। आंध्र प्रदेश के पेनुकोंडा मंडल में रविवार देर रात एक अनियंत्रित ट्रक रेलवे क्रासिंग से गुजर रही एक्सप्रेस ट्रेन से जा टकराया। दुर्घटना में छह लोगों की मौत हो गई और 20 लोग घायल हो गए।
अधिकारियों ने बताया कि मृतकों में कर्नाटक के एक कांग्रेस विधायक भी शामिल हैं।
दुर्घटना अनंतपुर जिले में हुई, जहां ग्रेनाइट से लदे ट्रक के चालक का वाहन पर से नियंत्रण खो गया और ट्रक फाटक तोड़ता हुआ रेलवे क्रासिंग से उसी वक्त गुजर रही नांदेड़ एक्सप्रेस से जा टकराया।
अधिकारियों ने बताया कि हादसे में 20 लोग घायल हुए हैं, जिन्हें पेनुकोंडा और बेंगलुरू के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
दक्षिण पश्चिम रेलवे (एसडब्ल्यूआर) के एक अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “हादसा देर रात 2.30 बजे के लगभ हुआ, जब ग्रेनाइट से लदा एक ट्रक अनंतपुर जिले के रांगेपल्ली एवं पेनुकोंडा स्टेशनों के बीच मदकसिरा रेलवे क्रासिंग पर फाटक तोड़ता हुए वहां से गुजर रही बेंगलुरू-नांदेड़ एक्सप्रेस (16594) से जा टकराया।”
आंध्र प्रदेश के रायलसीमा क्षेत्र में हुआ ट्रक-रेल हादसा कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू से 140 किलोमीटर दूर हुआ।
हादसे में मारे गए छह लोगों में ट्रक का चालक, ट्रेन के एसी प्रथम श्रेणी एच1 में यात्रा कर रहे चार लोग और एक रेल कर्मचारी शामिल हैं।
तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से ट्रेन के एसी तृतीय श्रेणी बी1 और द्वितीय श्रेणी के दो कोच एस1 एवं एस2 भी पटरी से उतर गए, हालांकि इन डिब्बों में सवार यात्रियों में से कोई हताहत नहीं हुआ।
अनंतपुर के जिलाधिकारी के. शशिधर ने कहा कि ट्रेन में सवार लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचाने के लिए 20 बसों का प्रबंध किया गया है।
हादसे में मारे गए ए. वेंकटेश नाइक कर्नाटक के रायचुर जिले के देवदुर्ग निर्वाचन क्षेत्र से कांग्रेस के विधायक थे।
आंध्र प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री कामिनेनी श्रीनिवास एवं जिले के एक अन्य मंत्री पल्ले रघुनाथ रेड्डी ने घायलों को हर संभव सहायता दिए जाने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जोनल रेलवे के बेंगलुरू संभाग ने घटनो के तुरंत बार बचाव एवं राहत कर्मियों को घटनास्थल पर भेजा।
हादसे के कारण बेंगलुरू-गुंतकल मार्ग पर रेल यातायात बाधित है। रेलवे अधिकारी स्थानीय लोगों की मदद से बेपटरी हुए रेल के डब्बों को पटरियों से हटाकर रास्ता साफ करने में जुटे हैं।
एक अधिकारी ने बताया, “हादसे के बाद से रेल यातायात बाधित है। बेपटरी हुए डिब्बों को पटरियों से हटाने की कोशिश जारी है, ताकि जल्द से जल्द रेलगाड़ियों का आवागमन बहाल हो सके।”
पेनुकोंडा में एक रेलवे अधिकारी ने कहा कि हादसा ट्रक चालक की लापरवाही के कारण हुआ, जो काफी तेज रफ्तार से गाड़ी चला रहा था और वाहन पर नियंत्रण खो दिया।
आंध प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हादसे को लेकर दुख जताया और जिलाधिकारी को घटना की जांच कराने के आदेश दिए।
बेंगलुरू सिटी रेलवे स्टेशन पर दुर्घटना से जुड़ी सूचनाएं और जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए तीन हेल्पलाइन नंबर 080-22354108, 080-22156553 और 09731666751 जारी किए गए हैं।
dharmpath.com dharmpath