सिनसिनाटी, 24 अगस्त (आईएएनएस)। सर्वोच्च विश्व वरीयता प्राप्त अमेरिकी टेनिस स्टार सेरेना विलियम्स ने फाइनल मुकाबले में रोमानिया की सिमोना हालेप को हराकर दूसरी बार सिनसिनाटी ओपन खिताब जीत लिया।
समाचार एजेंसी एफे के अनुसार, सेरेना ने दूसरी विश्व वरीयता प्राप्त हालेप को 6-3,7-6 (3) से हराया।
रविवार को हुए फाइनल में सेरेना ने हालेप को एक घंटा 39 मिनट में हराया। सेरेना 2013 में फाइनल मुकाबले में बेलारूस की विक्टोरिया एजारेंका से हार गई थीं।
इस वर्ष सेरेना की यह पांचवीं खिताबी जीत है, साथ ही वह पिछले 15 फाइनल मुकाबले नहीं हारी हैं।
सिनसिनाटी ओपन से पहले सेरेना ने इस वर्ष मेलबर्न ओपन, फ्रेंच ओपन, विंबलडन और मियामी ओपन खिताब जीते।
पहला सेट जीतकर बढ़त ले चुकीं सेरेना को हालांकि दूसरे सेट में हालेप से कड़ी चुनौती मिली। हालेप दूसरा सेट टाईब्रेकर तकी खींच ले गईं, हालांकि सेरेना ने टाईब्रेकर में उन्हें मात देकर खिताब अपने नाम कर लिया।
dharmpath.com dharmpath