गुवाहाटी, 28 अगस्त (आईएएनएस)। असम में कांग्रेस के लिए खतरे की घंटी बज रही है। पार्टी के वरिष्ठ नेता हिमांता बिस्वा सरमा शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी में औपचारिक रूप से शामिल हो सकते हैं। शुक्रवार को गुवाहाटी हवाईअड्डे पर सरमा का स्वागत करने वालों में कांग्रेस के 15 विधायक भी शामिल थे। इनके भी पाला बदलने के बारे में अटकलें लगनी शुरू हो गई हैं।
सरमा दिल्ली से यहां आने के बाद एक रैली के साथ भाजपा मुख्यालय की तरफ रवाना हुए। रैली में भाजपा के नेता भी थे। लेकिन, बड़ी संख्या राज्य के अलग-अलग हिस्सों से आए कांग्रेस नेताओं की थी।
सरमा का स्वागत करने हवाईअड्डे पहुंचने वालों में कांग्रेस के 15 विधायक भी शामिल थे। माना जाता है कि ये सभी कांग्रेस के उस बागी गुट का हिस्सा हैं जिसके नेता सरमा हैं।
सरमा का स्वागत करने वालों में शामिल नलबारी के विधायक जयंत माला बरुआ ने कहा, “मैं आज भी कांग्रेस विधायक हूं। लेकिन मैंने सरमा के साथ लंबे समय तक काम किया है। मैं यहां उन्हें शुभकामना देने आया हूं।”
बरुआ से पूछा गया कि क्या वह भी भाजपा में शामिल होंगे। बरुआ ने जवाब में कहा, “सभी कुछ परिस्थितियों पर निर्भर करेगा। फिलहाल तो मैं कांग्रेस विधायक हूं लेकिन मुझे सरमा के नेतृत्व में भरोसा है। और, मैं सरमा के साथ असम की बेहतरी के लिए काम करना चाहता हूं।”
एक अन्य कांग्रेस विधायक बिनंदा सैकिया ने कहा, “मैंने अभी भाजपा में जाने के बारे में फैसला नहीं किया है लेकिन मैंने खास तौर से पिछले दो साल से सरमा के साथ घनिष्ठ रूप से काम किया है।”
सरमा राज्य के स्वास्थ्य और शिक्षा मंत्री थे। उन्होंने पिछले साल मंत्री पद से इस्तीफा दिया था।
dharmpath.com dharmpath