बीजिंग, 28 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के लम्बी दूरी के एथलीट-संदीप कुमार और मनीष सिंह ने शनिवार को यहां विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप की 50 किलोमीटर पैदल चाल स्पर्धा में सम्मानजनक रूप से क्रमश: 26वां और 27वां स्थान हासिल किया।
दूसरी बार विश्व चैम्पियनशिप में हिस्सा ले रहे संदीप ने 3 घंटे 57.03 मिनट में यह रेस पूरी की। यह इस सत्र में उनका अब तक का सबसे अच्छा समय है। दूसरी ओर, पहली बार विश्व चैम्पियनशिप में हिस्सा ले रहे मनीष ने 3 घंटे 57.11 मिनट में रेस पूरी की। यह उनका व्यक्तिगत श्रेष्ठ समय है।
स्लोवाकिया के मातेज तोत ने 3 घंटे 40.32 मिनट में रेस पूरी कर स्वर्ण पदक जीता। आस्ट्रेलिया के जारेड टैलेंट (3.42.17) औ जापान के ताकायुकी तानी (3.42.55) ने क्रमश: रजत और कांस्य पदक जीता।
इस सीजन में संदीप और मनीष के लिए यह पहला बड़ा आयोजन था। अब तक सीजन का उनका सबसे अच्छा समय दर्ज नहीं हो सका है। वैसे संदीप का करियर बेस्ट टाइम 3 घंटा 56.22 मिनट है जबकि मनीष ने इससे पहले 4 घंटा 2 मिनट आठ सेकेंड में रेस पूरी की थी।
संदीप ने दो साल पहले मास्को विश्व एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में हिस्सा लिया था। वह हालांकि रेस पूरी नहीं कर सके थे। वह अयोग्य करार दिए गए थे। बीजिंग में अच्छी बात यह रही कि वह रेस भी पूरी कर सके और सम्मानजनक स्थान भी हासिल किया। इसी तरह मनीष ने भी सबको प्रभावित किया।
मास्को में भारत के बसंत बहादुर राणा 33वें स्थान पर रहे थे। आयरलैंड के राबर्ट हेफरनान ने वर्ल्ड लीडिंग रिकार्ड (3 घंटा 37 मिनट 56 सेकेंड) के साथ स्वर्ण पदक जीता था लेकिन इस साल हेफरनान अपने प्रदर्शन को दोहरा नहीं सके और पांचवें स्थान पर रहे।
dharmpath.com dharmpath