कोलकाता, 29 अगस्त (आईएएनएस)। नेपाल में नए संविधान की घोषणा सितंबर के अंत तक हो सकती है और भारत के साथ उसकी अंतर्राष्ट्रीय सीमा से संबंधित नीतियों में कोई बदलाव नहीं आएगा।
नेपाल के राजदूत दीप कुमार उपाध्याय ने भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के एक समारोह से अलग आईएएनएस से कहा, “नए संविधान की घोषणा सितंबर के अंत तक हो जाने की उम्मीद है। नए संविधान के अस्तित्व में आने के बाद भी भारत के साथ खुली सीमा और सीमा पार आवाजाही पहले की ही तरह पासपोर्ट व वीजा मुक्त रहेगी।”
उपाध्याय के मुताबिक, नए संविधान का उद्देश्य नेपाल के राजनीतिक ढांचे को मजबूती प्रदान करना है।
नया संविधान अपनाने के संबंध में नेपाल सरकार को हुई परेशानियों पर उन्होंने कहा, “ये समस्याएं संघीय ढांचे के भीतर नए राज्यों की सीमा से संबंधित हैं।”
सरकार ने जब नए संविधान के मसौदे की तैयारी शुरू की, तो नेपाल में कई विरोध-प्रदर्शन हुए।
देश के अल्पसंख्यक जातीय समूहों ने तर्क दिया है कि नया संविधान, जो नेपाल को एक संघीय राष्ट्र बनाने को लक्षित है, भेदभावपूर्ण होगा और उन्हें पर्याप्त स्वयत्तता नहीं मिलेगी।
प्रस्तावित मसौदे के तहत नेपाल को सात राज्यों या प्रांतों में विभाजित किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath