मुंबई, 31 अगस्त (आईएएनएस)। हाई-प्रोफाइल शीना बोरा हत्याकांड के तीनों आरोपियों की पुलिस रिमांड 5 सितंबर तक के लिए बढ़ा दी गई है।
तीनों आरोपियों को यहां सोमवार को दंडाधिकारी की अदालत में पेश किया गया। रिमांड बढ़ाए जाने का आदेश सुनाए जाने के समय तीनों आरोपी, शीना की मां इंद्राणी मुखर्जी, इंद्राणी का पूर्व पति संजीव खन्ना और इंद्राणी का पूर्व ड्राइवर श्याम राय अदालत में मौजूद थे।
शीना की मां इंद्राणी मुखर्जी, इंद्राणी के पूर्व ड्राइवर श्याम राय और पूर्व पति संजीव खन्ना इस वक्त खार पुलिस की हिरासत में हैं।
इंद्राणी के पूर्व ड्राइवर श्याम को अवैध हथियार रखने के मामले में गिरफ्तार किया गया था और जिसके बाद पूछताछ के दौरान उसने शीना हत्या मामले का सनसनीखेज खुलासा किया। राय की गिरफ्तारी 21 अगस्त को हुई थी।
उसके बाद इंद्राणी को 25 अगस्त को गिरफ्तार किया गया। संजीव खन्ना को 26 अगस्त को कोलकाता से गिरफ्तार किया गया। इन तीनों को 31 अगस्त तक के लिए पुलिस रिमांड में भेजा गया था।
मुंबई पुलिस रविवार को संजीव और श्याम को रायगढ़ जिले में अपराध स्थल पर ले गई थी।
dharmpath.com dharmpath