तेलंगाना, आंध्र में यातायात, बैंकों पर हड़ताल का असर

हैदराबाद, 2 सितम्बर (आईएएनएस)। ट्रेड यूनियनों की ओर से बुधवार को आहूत देशव्यापी हड़ताल का तेलंगाना एवं आंध्र प्रदेश में व्यापक असर देखा जा रहा है। दोनों पड़ोसी राज्यों में यातायात और बैंकिंग सेवाएं हड़ताल के कारण प्रभावित हुई हैं।

दोनों राज्यों में राज्य संचालित सड़क परिवहन निगम के कर्मचारियों की हड़ताल के कारण बुधवार को सरकारी बस सेवा ठप है।

ट्रेड यूनियनों ने श्रम कानूनों में बदलाव एवं सार्वजनिक क्षेत्रों में विदेशी निवेश एवं निजीकरण के विरोध में देशव्यापी बंद का आह्वान कर रखा है।

हैदराबाद में ऑटोरिक्शा तक सड़कों से नदारद हैं। कुछ स्थानों पर ट्रक मालिक एवं चालक भी हड़ताल पर हैं। हड़ताल के कारण कई स्थानों पर पेट्रोल पंप भी बंद हैं।

तेलंगाना के 10 जिलों एवं आंध्र प्रदेश के 13 जिलों के आरटीसी बसअड्डों में वाम दलों एवं ट्रेड यूनियनों के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया है।

दोनों ही राज्यों में बैंक सेवाएं बुरी तरह प्रभावित हैं। राजधानी हैदराबाद के अलावा तेलंगाना और आंध्र प्रदेश के दूसरे जिलों में कर्मचारियों के हड़ताल पर रहने के कारण सार्वजनिक क्षेत्र के सभी बैंक बंद हैं।

तेलंगाना में सरकारी स्वामित्व वाली कोयला उत्पादन कंपनी, सिंगरेनी कोलियरी कंपनी लिमिटेड (एससीसीएल) में भी हड़ताल के कारण काम प्रभावित हुआ है, क्योंकि कंपनी के कर्मचारी भी हड़ताल पर हैं।

इसके अलावा विशाखापत्तनम इस्पात संयंत्र, एचपीसीए, शिप यार्ड और दूसरे सार्वजनिक क्षेत्रों के कर्मचारी भी हड़ताल पर चले गए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493