लखनऊ के रानी लक्ष्मीबाई स्कूल के साथ ही गोमतीनगर स्थित केंद्रीय विद्यालय में प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम के लिए विशेष इंतजाम किया गया था। बागपत, गोरखपुर, मेरठ, मुरादाबाद, बरेली तथा अन्य जिलों में भी स्कूलों में टीवी व रेडियो पर प्रधानमंत्री की बात सुनने के लिए बड़ी संख्या में बच्चे स्कूल पहुंचे।
स्कूलों में मोदी के संबोधन को लाइव दिखाने के लिए विशेष इंतजाम थे। स्कूलों में ऑनलाइन प्रसारण के लिए एलसीडी, प्रोजेक्टर भी लगे थे। मुरादाबाद में सेंट मैरी, केसीएम, बौनी ऐनी, डीपीएस, विल्सोनिया सहित सीबीएसई व आइसीएसई से मान्यता प्राप्त स्कूलों में बच्चों ने प्रधानमंत्री को सुना।
मोदी ने दिल्ली के मानेकशॉ ऑडिटोरियम में आमंत्रित करीब 800 छात्रों को संबोधित किया। मोदी ने बच्चों से कहा कि मां जन्म देती है और शिक्षक जीवन देता है। इस दौरान बच्चों ने प्रधानमंत्री मोदी ने कई सवाल भी किए, जिसका उन्होंने बखूबी जवाब दिया।
प्रधानमंत्री ने पूर्व राष्ट्रपति डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन को नमन करते हुए उनकी बताई बातें भी बच्चों से साझा कीं। उन्होंने बच्चों से कहा कि मां जन्म देती है और गुरु जीवन देता है, अध्यापक बनना बहुत सौभाग्य की बात है।
प्रदेश के हर जिले के स्कूलों में बच्चों को टीवी के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बात से अवगत कराया गया। कई जगह पर लाइट न आने तथा टीवी की व्यवस्था न होने पर रेडियो पर ही विद्यार्थियों ने प्रधानमंत्री की बात ध्यान से सुनी।
dharmpath.com dharmpath