इम्फाल, 4 सितम्बर (आईएएनएस)। मणिपुर के दंगा प्रभावित चूड़ाचांदपुर जिले में शुक्रवार को कर्फ्यू में थोड़ी ढील दी गई है, ताकि लोग अपनी जरूरत के सामान खरीद सकें।
चूड़ाचांदपुर के जिला मजिस्ट्रेट लनमिनथांग हाओकिप ने आईएएनएस को बताया, “कर्फ्यू में सुबह पांच बजे से अपराह्न् एक बजे तक आठ घंटे की ढील दी गई ताकि लोग आवश्यक समान खरीद सकें।”
उन्होंने कहा, “अभी तक ताजा हिंसा की कोई खबर नहीं है, लेकिन हम स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।”
अफवाहें फैलने से रोकने के लिए हालांकि इंटरनेट सेवाएं अब भी निलंबित हैं।
मणिपुर सरकार द्वारा तीन विधेयकों को मंजूरी देने के बाद सोमवार रात यहां हिंसा भड़क उठी थी। उग्र भीड़ ने सोमवार को स्वास्थ एवं कल्याण मंत्री फुंगजांथांग सहित कांग्रेस के पांच विधायकों और बाहरी मणिपुर से लोकसभा सदस्य थांगसोई बैते के अवासों पर हमला किया था। घटना के वक्त वे सभी घर पर नहीं थे।
जनजातीय नागरिक समूह -आल ट्राइबल स्टूडेंट्स यूनियन मणिपुर(एटीएसयूएम), कुकी स्टूडेंट्स ऑर्गनाइजेशन (केएसओ) और ऑल नागा स्टूडेंट्स एसोसिएशन मणिपुर(एएनएसएएल)- विधेयक का विरोध कर रहे हैं।
जिले में दुकानें, शिक्षण संस्थान और सरकारी प्रतिष्ठान भी बंद हैं।
गुरुवार को भड़की हिंसा में एक और व्यक्ति के मरने के बाद मृतकों की संख्या आठ पहुंच गई है।
dharmpath.com dharmpath