आवारा कुत्ते ने 3 साल के बच्चे पर हमला किया

कोच्चि, 7 सितम्बर (आईएएनएस)। केरल में एक आवारा कुत्ते ने तीन वर्षीय एक बच्चे पर हमला कर उसे बुरी तरह घायल कर दिया। बच्चे की दोनों आंखों को नुकसान पहुंचा है।

घायल बच्चे को केरल के पास अंगामाली में लिटिल फ्लावर अस्पताल में भर्ती किया गया है। वह काफी गरीब परिवार से है और चिकित्सकों का कहना है कि मंगलवार को बच्चे की सर्जरी हो सकती है।

अमल नामक यह बच्चा अपने घर के बाहर बैठा था, तभी आवारा कुत्ते ने उस पर हमला किया। अमल का रोना सुनकर उसकी मां बाहर आई और उन्होंने पड़ोसियों की मदद से कुत्ते को भगाया।

अमल को दोनों आंखों और शरीर पर कई चोटें आई थीं और उसे पास के अस्पताल ले जाया गया तथा प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंगामाली के प्रमुख नेत्र अस्पताल भर्ती कराया गया।

आवारा कुत्तों की संख्या नियंत्रित करने के लिए एक अभियान का नेतृत्व कर रहे अर्नाकुलम जिला पंचायत अध्यक्ष एल्दोस कुन्नापल्ली ने इस दुर्घटना की ओर मुख्यमंत्री ओमन चांडी का ध्यान खींचा है।

कुन्नापल्ली ने कहा, “उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए जिले के अधिकारियों को निर्देश दिया कि बच्चे के इलाज में होने वाला खर्च राज्य सरकार वहन करे।”

केरल में पिछले कुछ महीनों में एक लाख लोगों पर आवारा कुत्तों द्वारा हमले किए गए हैं, जिससे विभिन्न स्तरों पर जनप्रतिनिधियों के लिए यह एक बड़ा मुद्दा बनता जा रहा है।

अमल के मामले के बाद आवारा कुत्तों का समर्थन करने वाले लोग सोशल मीडिया पर आलोचनाओं का शिकार हो रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493