नई दिल्ली, 9 सितम्बर (आईएएनएस)। विदेश मंत्रालय ने बुधवार को कहा कि यमन में दो नौकाओं के हवाई बमबारी की चपेट में आ जाने से सात भारतीय नागरिक लापता हो गए हैं। नौकाओं में 20 भारतीय सवार थे।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता विकास स्वरूप ने एक बयान में कहा कि दो नौकाओं पर भारतीय चालकदल के 20 सदस्य सवार थे, जिनमें से 13 जीवित हैं, लेकिन सात सदस्य लापता हैं।
प्रवक्ता ने कहा कि दो में से एक नौका बरबेरा (सोमालिया) और मोखा (यमन) के बीच यात्रा कर रही थी। ये नौकाएं आठ सितंबर की दोपहर हवाई बमबारी की चपेट में आ गई।
स्वरूप ने कहा कि जिबूती में मौजूद भारतीय दूतावास के अधिकारी इस घटना को लेकर स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं।
उन्होंने कहा, “फिलहाल भारतीय नागरिकों की पहचान से जुड़ी कोई अन्य जानकारी उपलब्ध नहीं है। दूतावास के अधिकारी स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में हैं और आज (बुधवार) नौका मालिक से भी मुलाकात करने वाले हैं। उसके बाद ही अधिक जानकारी उपलब्ध हो पाएगी।”
dharmpath.com dharmpath