नई दिल्ली, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। म्यूजिक एलबम ‘विंड्स ऑफ सम्सारा’ के लिए फरवरी में गै्रमी अवॉर्ड जीतने वाले बेंगलुरू के संगीतकार रिकी केज खेद के साथ कहते हैं कि भारत में सच्चे मौलिक कलाकारों की संख्या बेहद कम है।
नई दिल्ली, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। म्यूजिक एलबम ‘विंड्स ऑफ सम्सारा’ के लिए फरवरी में गै्रमी अवॉर्ड जीतने वाले बेंगलुरू के संगीतकार रिकी केज खेद के साथ कहते हैं कि भारत में सच्चे मौलिक कलाकारों की संख्या बेहद कम है।
केज ने आइएएनएस को फोन पर दिए साक्षात्कार में कहा, “भारत में कुछ ही स्वतंत्र मौलिक कलाकार हैं। अधिकांश संगीतकार दिल से संगीत नहीं बनाते। वे केवल इस आशा में संगीत रचते हैं कि बॉलीवुड का कोई निर्माता उसे सुने और पसंद करे।”
केज राजधानी में प्रधानमंत्री से मुलाकात के लिए आए थे, जिन्होंने ग्रैमी पुरस्कार जीतने के लिए केज को व्यक्तिगत तौर पर बधाई दी।
‘विंड्स ऑफ सम्सारा’ को 57वें वार्षिक ग्रैमी अवार्डस में बेस्ट न्यू एज एल्बम ट्रॉफी प्रदान की गई। इसमें भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच सांस्कृतिक, संगीतमय और राजनैतिक संबंधों पर रोशनी डाली गई है।
भारत और पश्चिम के संगीत की संस्कृति की तुलना करते हुए केज ने सवाल उठाया कि भारतीय संगीतकार ऐसे विषयों पर काम क्यों नहीं करते, जो उन्हें व्यक्तिगत तौर पर व्याकुल करते हैं।
पश्चिमी संगीतकारों का उदाहरण देते हुए केज ने कहा, “जब एडेले का किसी से संबंध विच्छेद हो जाता है तब वे उस मन:स्थिति में एलबम तैयार करती हैं और जॉन मेयर किसी के प्रेम में पड़ने पर संगीत की रचना कर डालते हैं, जबकि कोल्डप्ले और यू2 किसी राजनैतिक मुद्दे की सरगर्मी पर अपने विचारों को प्रकट करने के लिए लिखते हैं। भारत में ऐसा क्यों नहीं हो सकता कि संगीतकार खुद अपने फलसफे या ऐसे वास्तविक विषयों पर रचना करें, जो उन्हें उद्वेलित करते हैं।”
भारत में स्वतंत्र संगीत की स्थिति पर सवाल किए जाने पर केज कहते हैं, “बतौर स्वतंत्र संगीतकार भारत में मैं भी वैसी ही विषम स्थितियों का सामना करता हूं, जिनका सामना खेल में क्रिकेट के अलावा अन्य खेलों के खिलाड़ियों को करना पड़ता है।”
केज ने ‘एक्सिडेंट’ और ‘वेंकटा इन संकटा’ जैसी फिल्मों के लिए भी संगीत दिया है। लेकिन वे कहते हैं कि अब वे ऐसी योजनाओं का हिस्सा नहीं बनना चाहते क्योंकि फिल्मों के लिए संगीत तैयार करना उन्हें कुंठित करता है।
केज का कहना है कि वे अपनी पसंद के अनुरूप संगीत रचना चाहते हैं। फिल्मों के विजुअल के अनुसार संगीत बनाने में केज की रुचि नहीं है।
ग्रैमी अवॉर्ड जीतने के बाद केज को कई प्रस्ताव मिले, लेकिन पश्चिम की तर्ज पर वह केवल ऐसी फिल्म के लिए ही काम करना चाहते हैं, जिसमें निर्माता उनके वर्तमान संगीत को ओरिजनल ट्रैक के तौर पर इस्तेमाल करें। केज का कहना है कि इस प्रकार उनका संगीत ज्यादा दर्शकों तक पहुंच पाएगा।
dharmpath.com dharmpath