नई दिल्ली, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल नागालैंड-खपलांग (एनएससीएन-के) के दो उग्रवादियों के बारे में सुराग देने वाले को 17 लाख रुपये का इनाम देने की गुरुवार को घोषणा की।
एनआईए ने एक बयान में कहा, “एनएससीएन-के अध्यक्ष शांगवांग शांगयुंगी खपलांग पर सात लाख रुपये, जबकि इसी गुट के एक अन्य आतंकवादी निकी सुमी की गिरफ्तारी पर 10 लाख रुपये के इनाम की घोषणा की गई है।”
बयान के मुताबिक, दोनों उग्रवादियों की 26 मार्च को कोहिमा के इंदिरा गांधी स्टेडिम में असम रायफल्स के जवानों पर हमले के फैसले में भूमिका थी।
बयान में कहा गया है कि दोनों मणिपुर के चांदेल जिले में चार जून को 6 डोगरा रेजिमेंट के काफिले पर हुए हमले सहित सशस्त्र बलों पर हुए कई अन्य हमलों में भी शामिल हैं। चांदेल में हुए हमले में 18 सैनिक शहीद हो गए थे।
बयान के मुताबिक, “दोनों उग्रवादियों के बारे में पुख्ता सूचना देकर उन्हें गिरफ्तार कराने वाले को इनाम की घोषित राशि दी जाएगी और सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रखी जाएगी।”
dharmpath.com dharmpath