रांची, 10 सितंबर (आईएएनएस)। झारखंड के विपक्षी दलों ने केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह के खिलाफ दर्ज मामला वापस लेने के राज्य सरकार के कदम की तीखी आलोचना की।
प्रदेश कांग्रेस इकाई के महासचिव आलोक दुबे ने आईएएनएस से कहा, “राज्य सरकार कानूनी प्रक्रिया में दखलअंदाजी कर रही है। यह दूसरी बार है, जब भाजपा सरकार रघुबर दास की अगुवाई में आपराधिक मामला वापस लेने की कोशिश कर रही है। हम सड़कों पर उतरेंगे और इस मामले को राज्यपाल और राष्ट्रपति के संज्ञान में लाएंगे।”
रिपोर्टों के अनुसार, गिरिराज के खिलाफ बोकारो जिले में दर्ज एक आपराधिक मामले को वापस लेने की पहल राज्य सरकार ने की है।
गिरिराज ने अप्रैल 2014 में बोकारो जिले में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुए कहा था, “जो नरेंद्र मोदी को रोकना चाहते हैं, उन्हें पाकिस्तान चले जाना चाहिए।”
चर्चा है कि गिरिराज के इस बयान से खुश होकर मोदी ने प्रधानमंत्री बनने के बाद उन्हें पुरस्कार के रूप में अपने मंत्रिमंडल में जगह दे दी।
झारखंड सरकार ने भाजपा विधायक धुल्लू महतो के खिलाफ दर्ज मामला भी वापस लेने की प्रकिया शुरू कर दी है।
आलोक दुबे ने कहा, “भाजपा देश की कानूनी और लोकतांत्रिक व्यवस्था को मजाक बना रही है।”
dharmpath.com dharmpath