नई दिल्ली, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को अमेरिकी ओपन मिश्रित युगल खिताब जीतने पर भारत के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी लिएंडर पेस को बधाई दी।
पेस ने शुक्रवार को स्विट्जरलैंड की मार्टिना हिंगिस के साथ मिलकर अपने करियर का 15वां ग्रैंड स्लैम खिताब जीता। पेस ने अमेरिकी ओपन में दूसरी बार मिश्रित युगल खिताब जीता है।
राष्ट्रपति ने ट्वीट करके पेस को बधाई दी। अपने संदेश में राष्ट्रपति ने लिखा, “पेस और मार्टिना, अमेरिकी ओपन मिश्रित युगल खिताब जीतने पर आप दोनों को हार्दिक बधाई।”
पेस ने हिंगिस के साथ मिलकर ही इस साल का आस्ट्रेलियन ओपन खिताब जीता था।
पेस को बधाई देते हुए मोदी ने अपने संदेश में लिखा, “पेस और मार्टिना, आप दोनों अच्छा खेले। आप दोनों को इस शानदार जीत पर मेरी ओर से बधाई। हम आपकी जीत पर खुश हैं।”
dharmpath.com dharmpath