मुंबई, 12 सितम्बर (आईएएनएस)। नया टेलीविजन धारावाहिक ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’ में नजर आ रहीं कॉमेडियन भारती सिंह ने अभिनेत्री आतिया शेट्टी की काया का मजाक उड़ाते हुए उन्हें ‘हॉकी स्टिक’ कहा है।
अभिनेता सुनील शेट्टी की बेटी आतिया ने बॉलीवुड में सूरज पांचोली के साथ फिल्म ‘हीरो’ से अपने कॅरियर की शुरुआत की है। वह बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के साथ ‘कॉमेडी नाइट्स बचाओ’ के आगामी एपिसोड में नजर आएंगी। सलमान खान ने निर्देशक सुभाष घई के साथ मिलकर इस फिल्म का निर्माण किया है।
भारती को सह-कलाकार कृष्णा अभिषेक के साथ मेहमानों का मजाक उड़ाते देखा गया है।
जब वह आतिया और सूरज से मिलीं तब उन्होंने कहा, “कलर्स पर पहली बार एक हॉकी स्टिक और एक फुटबॉल साथ-साथ देखा गया।”
इसमें उन्होंने साफतौर पर खुद का भी मजाक उड़ाया है।
इसके बाद कृष्णा ने आतिया को एक और भारती को जीरो के साथ ‘परफेक्ट 10’ कहा।
फिल्म ‘हीरो’ के सितारों के साथ वाली यह कड़ी शनिवार को प्रसारित हो रही है।
dharmpath.com dharmpath